अतुल्य भारत चेतना
कुलभूषण गोयल
मोगा/पंजाब।
पंजाब के मोगा शहर में इन दिनों गणपति महोत्सव की धूम मची हुई है। एक तरफ तो शहर के मंदिरों में स्थापित गणेश जी की मूर्तियाँ हैं तो वहीं दूसरी तरफ बहुत से श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में भी गजानन की मूर्तियों को स्थापित किया है। शहर के न्यू टाउन में स्थित भव्यास केक्स की शेफाली अग्रवाल, साहिल अग्रवाल, नीरू अग्रवाल तथा सुरेंद्र अग्रवाल के द्वारा त्योहारों को ईको फ्रेंडली मनाने के उद्देश्य से भगवान गणपति की मूर्ति को शुद्ध चॉकलेट से बनाकर स्थापित किया गया है। चॉकलेट से बनी गणेश जी की यह मूर्ति आसपास के लोगों में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मूर्ति के दर्शनों के लिए लोगों का तांता लगा रहता है। श्री रामायण प्रचार मंडल के द्वारा यहाँ पर रोज शाम को भजन कीर्तन कर भगवान गणपति की पूजा की जा रही है। पर्यावरण अनुकूल शुद्ध चॉकलेट की इस मूर्ति को शेफाली अग्रवाल तथा नीरू अग्रवाल ने मिलकर बनाया है। उन्होंने बताया कि अंतिम दिन मूर्ति का विसर्जन दूध में किया जाएगा तथा उसे सभी भक्तों को प्रसाद रूप में बाँट दिया जाएगा।
