अतुल्य भारत चेतना(सुरेश कुमार चौधरी)
माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश मोहन यादव के महिला सशक्तिकरण के विजन के अनुरूप तथा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज डॉ. हिमानी खन्ना एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय खत्री के निर्देशन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जिले में “महिला सुरक्षा – स्वतंत्रता – सम्मान अभियान” को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें (Read Also): सड़क पर तड़प रहे गौवंश की बचाई जान
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
अभियान के तहत जिले में नीड, परी, भरोसा, सहारा एवं आसरा नामक विशेष महिला पुलिस दल गठित किए गए हैं, जो शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर महिलाओं एवं छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा सहायता के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 09 जनवरी 2026 को थाना दिगोड़ा, कुड़ीला एवं देहात क्षेत्र की पुलिस टीमों द्वारा “भरोसा वर्ग” के अंतर्गत स्कूली छात्राओं हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के सरल उपायों की जानकारी दी गई तथा व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर अवगत कराया गया।
साथ ही छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उनके उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
- महिला हेल्पलाइन – 1090
- साइबर अपराध हेल्पलाइन – 1930
- पुलिस आपातकालीन सेवा – 112
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर यह अभियान निरंतर जारी है, जिससे जिले की महिलाएँ एवं बालिकाएँ स्वयं को सुरक्षित एवं सशक्त महसूस कर सकें।

