अतुल्य भारत चेतना (संवाददाता- मेहरबान अली कैरानवी)
भगवानपुर (हरिद्वार)।
किसानों के सब्र का बांध अब टूटता नजर आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (एकता) के बैनर तले सोमवार को भगवानपुर टोल प्लाज़ा पर एक विशाल किसान पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों किसानों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। पंचायत में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें (Read Also): ससुराल में विवाद होने के बाद मायके आकर माँ ने अपने बच्चे को पिलाया जहर
इस किसान पंचायत का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट फरमान त्यागी ने किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे किसानों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि अब भी उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पंचायत की सूचना पर एसडीएम व तहसीलदार भगवानपुर मौके पर पहुंचे और किसानों का ज्ञापन प्राप्त किया। प्रशासन की ओर से किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। वहीं, टोल प्लाज़ा प्रबंधन ने अवैध वसूली रोकने और टोल कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार करने की बात कही।
भारतीय किसान यूनियन (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट फरमान त्यागी ने ज्ञापन के माध्यम से सात प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। इनमें प्रमुख रूप से—
- 20 किलोमीटर के दायरे में किसानों को टोल शुल्क से मुक्त किया जाए।
- टोल कर्मचारियों द्वारा की जा रही अभद्रता पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- ग्राम सालियर में अंडरपास का निर्माण कराया जाए।
- इकबालपुर शुगर मिल द्वारा किसानों का लंबित बकाया शीघ्र भुगतान किया जाए।
इसके अलावा अन्य स्थानीय और किसान हित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।
किसान यूनियन ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और महापंचायत शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पंचायत के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर धरना-प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव हारून त्यागी, हाजी इसरार, हाजी याकूब, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री इमरान राजपूत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तमीम त्यागी, राष्ट्रीय प्रभारी राव सद्दाम, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रहीस चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष (अल्पसंख्यक) जीशान अली, आईटी सेल अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष हरिद्वार सोनू त्यागी, जिला अध्यक्ष रुड़की तनवीर अली, ब्लॉक अध्यक्ष बहादराबाद अब्दुल करीम, युवा जिला अध्यक्ष हरिद्वार निसार अली, जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर शुजात राणा, प्रदेश महासचिव उत्तराखंड शमीम अहमद, तहसील उपाध्यक्ष ज्वालापुर वसीम मलिक, ब्लॉक उपाध्यक्ष बहादराबाद साउथ आसिफ मलिक, ब्लॉक उपाध्यक्ष बहादराबाद पठान मुस्तफा, ब्लॉक अध्यक्ष सहारनपुर शाहरुख गॉड, नगर उपाध्यक्ष कलियर शाहरुख त्यागी, ग्राम अध्यक्ष मेवाड़ शोएब, कोषाध्यक्ष दिलशाद सहित सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुल मिलाकर किसान पंचायत ने साफ संकेत दे दिया है कि यदि समस्याओं का समाधान समय रहते नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है।

