पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारी पूर्ण कर ली गई
अतुल्य भारत चेतना
सुरेश कुमार चौधरी
टीकमगढ़। जनकल्याण तीर्थ क्षेत्र बड़ागाँव में स्थित सहस्रकूट जिनालय एवं भगवान मुनि सुव्रतनाथ की 21 फीट ऊँची पाषाण पद्मासन प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं। आचार्य उदास सागर महाराज एवं मुनि उपशांत सागर महाराज संसघ के पावन सानिध्य में 23 नवंबर से 30 नवंबर तक भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, गजरथ महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन होगा।
इसे भी पढ़ें (Read Also): महिलाओं ने चिंताहरण महादेव मंदिर परिसर में किया श्रमदान
इसे भी पढ़ें: लोन, फाइनेंस और शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी पूरी जानकारी
दिन-प्रतिदिन का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
- 23 नवंबर : घट यात्रा एवं गर्भ कल्याणक
- 24 नवंबर : गर्भ कल्याणक – राजा नाभि राय दरबार
- 25 नवंबर : जन्म कल्याणक – आदि कुमार का पालना
- 26 नवंबर : तप कल्याणक
- 27 नवंबर : तप कल्याणक, रात्रि में केरल के प्रसिद्ध विल्सन जादूगर का मायाजाल
- 28 नवंबर : ज्ञान कल्याणक, रात्रि में भजन संध्या
- 29 नवंबर : ज्ञान कल्याणक, रात्रि में विराट कवि सम्मेलन
- 30 नवंबर : मोक्ष कल्याणक – भगवान मुनि सुव्रतनाथ का महामस्तकाभिषेक
समस्त धार्मिक अनुष्ठान बाल ब्रह्मचारी पंडित जय निशांत जी, पंडित सनत कुमार जी, पंडित विनोद कुमार जी, पंडित संजय सरस एवं पंडित मनीष जैन (खरगापुर) के कुशल निर्देशन में संपन्न होंगे।
इसे भी पढ़ें: अप्रैल-मई माह में किन सब्जियों की खेती ज्यादा लाभदायक है?
25 नवंबर को दिव्यांगों के लिए विशेष शिविर
महोत्सव के दौरान ही 25 नवंबर को तरुण मित्र परिषद, दिल्ली द्वारा विशाल दिव्यांग शिविर लगाया जाएगा। यह परिषद का 62वाँ शिविर होगा जिसमें दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग, पोलियो ग्रस्त बच्चों को कैलीपर्स एवं ऑर्थो-शूज तथा श्रवण बाधित बुजुर्गों को श्रवण यंत्र वितरित किए जाएँगे। आयोजन समिति के एडवोकेट प्रभात जैन एवं मुकेश जैन लार ने बताया कि सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं तथा देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है।

