अतुल्य भारत चेतना (बलजीत सिंह चौहान)
बिछुआ। आदिवासी विकासखंड के समारबोह स्थित कन्या आश्रम, बालक आश्रम एवं हाई स्कूल का निरीक्षण सहायक आयुक्त श्री सत्येंद्र सिंह मरकाम द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र संयोजक श्री मनीष बोरकर, क्षेत्र संयोजक सुश्री प्रियंका सैयाम एवं आदिवासी बालक आश्रम के अधीक्षक श्री देवानंद नागरे, आशा पंद्रे उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त श्री मरकाम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनसे शैक्षणिक प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं ज्ञान स्तर को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।

सहायक आयुक्त द्वारा आश्रम परिसर में लगे पेड़-पौधों, अध्यापन कक्षों में दीवार लेखन, बैनर-पोस्टर के माध्यम से संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया गया। साथ ही हैंडवॉश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, आरओ पेयजल व्यवस्था एवं शयन कक्षों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आदिवासी बालक आश्रम के अधीक्षक श्री देवानंद नागरे द्वारा बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार हेतु स्मार्ट क्लास की मांग रखी गई। इस पर सहायक आयुक्त श्री सत्येंद्र सिंह मरकाम ने शीघ्र ही स्मार्ट क्लास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास से बच्चों की पढ़ाई अधिक रोचक एवं प्रभावी होगी, जिससे उनके शैक्षणिक कार्य में सुधार होगा।
निरीक्षण उपरांत सहायक आयुक्त श्री सत्येंद्र सिंह मरकाम ने आश्रम के कुशल, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित संचालन की सराहना करते हुए कहा कि यहां का शैक्षणिक एवं स्वच्छ वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक है।

