Breaking
Fri. Jan 9th, 2026

झांसी में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की आलेख्य मतदाता सूची जारी, जानिए कैसे देखें अपना नाम

आलेख्य मतदाता सूची में मतदाता अपना नाम ceouttarpradesh.nic.in पर देखें : उप जिला निर्वाचन अधिकारी

अतुल्य भारत चेतना (भूपेन्द्र कुमार रायकवार)

झांसी। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिव प्रताप शुक्ल ने जनपद के समस्त नागरिकों को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्य संपन्न किया गया है।

इस क्रम में जनपद झांसी की चार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—
222-बबीना, 223-झांसी नगर, 224-मऊरानीपुर एवं 225-गरौठा—की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी 2026 को कर दिया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के वेब पोर्टल ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर Special Intensive Revision (SIR)-2026 विकल्प पर क्लिक कर अपना ईपिक (EPIC) नंबर दर्ज करके आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।

इसके अतिरिक्त jhansi.nic.in पर उपलब्ध जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) पोर्टल में जाकर SIR-2026 Draft Voter List Constituency-Wise विकल्प के अंतर्गत संबंधित विधानसभा क्षेत्र के नाम पर क्लिक कर, विधानसभा संख्या एवं नाम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की आलेख्य मतदाता सूची देखी जा सकती है। यहां मतदाता अपने बूथ का चयन कर आसानी से अपना नाम खोज सकते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता अपने मोबाइल फोन के प्ले स्टोर से Voter Help Line App डाउनलोड कर भी मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।

जो मतदाता ऑफलाइन माध्यम से मतदाता सूची देखना चाहते हैं, वे अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), पदाभिहित स्थल, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, झांसी में निःशुल्क मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि होने पर नियत समयावधि में आवश्यक सुधार कराया जा सके।

Author Photo

News Desk

Responsive Ad Your Ad Alt Text
Responsive Ad Your Ad Alt Text

Related Post

Responsive Ad Your Ad Alt Text