अतुल्य भारत चेतना (देवेश पांडेय)
इसे भी पढ़ें (Read Also): पीएम इंटर्नशिप योजना का क्रियान्वयन हुआ प्रारम्भ
प्रयागराज।
स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में बीती देर रात जमकर हंगामा हुआ। मामूली कहासुनी के बाद मरीज के तीमारदारों और हॉस्पिटल के रेजिडेंट डॉक्टर्स के बीच जमकर मारपीट हुई है। रेजिडेंट डॉक्टर्स ने मरीज के तीमारदारों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए सभी विभागों में कार्य का बहिष्कार कर दिया। रेजिडेंट डॉक्टर्स के कार्य बहिष्कार के बाद मौके पर हंगामे और बवाल की आशंका को देखते हुए स्वरूप रानी नेहरू हॉस्पिटल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ वीके पाण्डेय ने मारपीट करने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर नाराज रेजिडेंट डॉक्टर्स को शांत कराया। जिसके बाद रात करीब दो बजे रेजिडेंट डॉक्टर्स कार्य पर वापस लौटे।
वहीं मरीज के तीमारदारों ने भी स्वरूप रानी नेहरू हॉस्पिटल के रेजिडेंट डॉक्टर्स पर भी बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया है। मरीज के तीमारदारों के मुताबिक रेजिडेंट डॉक्टर्स बदसलूकी कर रहे थे, टोकने पर रेजिडेंट डॉक्टर्स मारपीट पर उतारू हो गए। एसीपी कोतवाली रवि कुमार का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। रेजिडेंट डॉक्टर्स ने मारपीट का आरोप लगाकर स्ट्राइक किया था। कार्रवाई के आश्वासन बाद स्ट्राइक खत्म कर दिया है। मरीज के तीमारदारों ने भी डॉक्टरों पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया है। लेकिन किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। डॉक्टरों ने तहरीर देने की बात कही है। जैसे ही तहरीर मिलती है उसी के आधार पर मामले में पुलिस कार्रवाई करेगी।

