अतुल्य भारत चेतना
मेहरबान अली कैरानवी
कैराना। थाना क्षेत्र के गांव जहानपुरा में दस दिन पूर्व हुए खूनी संघर्ष प्रकरण में पुलिस ने एक और आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल पाँच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
विदित हो कि 24 अगस्त की रात्रि को पुरानी रंजिश के चलते जहानपुरा गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर फायरिंग और पत्थरबाजी हुई। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर स्थिति पर काबू पाया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 16 नामजद और 8–10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को अभियान चलाकर नामजद आरोपी मुबारिक निवासी ग्राम जहानपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया। इससे पूर्व पुलिस चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी जावेद ने पुराने मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर कोर्ट के माध्यम से जेल जाना स्वीकार किया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि संघर्ष प्रकरण में अब तक कुल पाँच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।