हथिनीकुंड बैराज से पानी की मात्रा घटने से कैराना में यमुना का जलस्तर लगातार नीचे
अतुल्य भारत चेतना
मेहरबान अली कैरानवी
कैराना। पिछले दिनों उफान पर पहुंची यमुना नदी अब धीरे-धीरे शांत होती नजर आ रही है। शुक्रवार को यमुना नदी के जलस्तर में 05 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। अब नदी का स्तर 229.72 मीटर पर पहुंच गया है। वहीं, हथिनीकुंड बैराज से भी यमुना में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में काफी कमी आई है। शुक्रवार को बैराज से केवल 23,950 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया।
इसे भी पढ़ें : गर्मी में कूलर को बनाएं AC : आसान हैक्स और टिप्स
हाल ही में था गंभीर खतरा
गौरतलब है कि विगत दिनों हथिनीकुंड बैराज से एक साथ 1.79 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया था। इसके चलते कैराना क्षेत्र में नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर चेतावनी बिंदु के करीब पहुँच गया था। इस उफान का असर किसानों पर सबसे अधिक पड़ा, क्योंकि खादर क्षेत्र में खड़ी सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न होकर भारी नुकसान की शिकार हो गईं।
राहत की ओर बढ़ता जलस्तर
अब हथिनीकुंड बैराज से लगातार कम पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर घट रहा है। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जलस्तर 229.72 मीटर दर्ज किया गया। ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने बताया कि वर्तमान में यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हिना खान बनीं कोरिया टूरिज्म की ब्रांड एंबेसडर
किसानों को राहत की उम्मीद
जलस्तर में कमी आने से जहां क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं प्रभावित किसान अब नुकसान से उबरने की उम्मीद कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यमुना का स्तर ऐसे ही घटता रहा तो खेतों में पानी उतरने से फसल बचाने की संभावना बढ़ जाएगी।