बलरामपुर में अवैध मजार पर चला बुलडोजर
वन विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त
इसे भी पढ़ें (Read Also): जिले की 40 सहकारी समितियों हेतु आवंटित हुई 400 मै.टन डी.ए.पी. उर्वरक
अतुल्य भारत चेतना (श्याम बाबू त्रिपाठी)
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। थाना देहात क्षेत्र के उदयपुर गांव में वन भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मजार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित मजार वन भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी, जिसकी शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। जांच के दौरान निर्माण को नियमों के विपरीत पाए जाने के बाद ध्वस्तीकरण की अनुमति दी गई।
बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अवैध कब्जाधारियों में दहशत साफ नजर आई। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि जिले भर में सरकारी एवं वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है और किसी भी अवैध कब्जे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री ने बताया कि वन विभाग की जांच रिपोर्ट में अवैध कब्जे की स्पष्ट पुष्टि हुई थी। इसी आधार पर पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आगे भी जिले में अवैध निर्माणों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अन्य अतिक्रमणकारियों में भी खौफ का माहौल है।

