Breaking
Sun. Jan 11th, 2026

*इंडो नेपाल मैत्री द्वार अपने अंतिम चरण में जनवरी तक पूरा हो जाएगा निर्माण*

रुपईडीहा बहराइच। भारत नेपाल सरहद पर स्थित रुपईडीहा कस्बे में इंडो नेपाल मैत्री द्वार का निर्माण तेजी से जारी है। सीमा मार्ग को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे इस भव्य प्रवेश द्वार के जनवरी तक पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है। निर्माण कार्य पूरा होने पर रुपईडीहा भारत नेपाल सीमापार व्यापार और पर्यटन का और अधिक आकर्षक प्रवेश द्वार बनकर उभरेगा। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर स्वीकृत इस परियोजना पर करोड़ो खर्च किए जाने का प्रावधान है । मैत्री द्वार के साथ सड़क चौड़ीकरण, साज सज्जा और हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट समेत आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की भी योजना है, ताकि सीमा पर 24 घंटे सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित हो सके। रुपईडीहा में भारत का महत्वपूर्ण लैंड पोर्ट भी है, जहाँ से नेपालगंज होते हुए भारी मात्रा में आयात निर्यात और यात्रियों की आवाजाही होती है। इंडो नेपाल मैत्री द्वार बन जाने से न सिर्फ सीमा व्यापार को प्रतीकात्मक पहचान मिलेगी, बल्कि यह भारत नेपाल की ऐतिहासिक दोस्ती का भी मजबूत संदेश देगा। स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महामंत्री संजय कुमार,कोषाध्यक्ष बलराम मिश्रा और सीमा से जुड़े लोगों का मानना है कि नए प्रवेश द्वार से व्यापारिक गतिविधियों को नई गति और क्षेत्र की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। नए साल में मिलने जा रही यह सौगात सीमा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Author Photo

रईस

Responsive Ad Your Ad Alt Text
Responsive Ad Your Ad Alt Text

Related Post

Responsive Ad Your Ad Alt Text