अतुल्य भारत चेतना
सुरेश कुमार चौधरी
टीकमगढ़। भारतीय किसान संघ द्वारा हर रविवार को सर्किट हाउस के सामने अस्पताल चौराहे पर लगने वाला प्राकृतिक व जैविक हाट बाजार अब शहरवासियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। इस बाजार में जैविक अनाज, सब्जियां, दालें, घी, नवरत्न आटा आदि मिलने से लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं और जमकर तारीफ कर रहे हैं।

जिला कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने की किसानों से मुलाकात
आज बाजार में जिला कलेक्टर विवेक कुमार श्रोत्रिय स्वयं पहुंचे। उन्होंने जैविक किसानों – किशन लाल कुशवाहा, प्रेमलाल कुशवाहा, ग्यासी लाल रैकवार, परमानंद कुशवाहा से विस्तार से जैविक खेती की जानकारी ली और उनके प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इसे भी पढ़ें: अप्रैल-मई माह में किन सब्जियों की खेती ज्यादा लाभदायक है?
कलेक्टर ने नगरवासियों से अपील की: “हर रविवार इस जैविक हाट बाजार में जरूर आएं और जैविक उत्पाद खरीदें। इससे किसानों का मनोबल बढ़ेगा और हम सब स्वस्थ रहेंगे।” उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया को निर्देश दिए कि किसानों को बैठने और बाजार व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रासायनिक खाद से बीमारियां, जैविक खेती से स्वास्थ्य – भारतीय किसान संघ
भारतीय किसान संघ जिलाध्यक्ष शिव मोहन गिरि ने कहा: “आज कैंसर, हृदय रोग, डायबिटीज, गठिया, समय से पहले बाल सफेद होना, बच्चों में थकान जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। इसका बड़ा कारण रासायनिक खाद-कीटनाशक हैं। गौ-आधारित जैविक खेती ही इसका स्थायी समाधान है। हमारा लक्ष्य टीकमगढ़ को जैविक जिला बनाना है।”

नागरिकों ने भी की सराहना
- क्रेता कार्यपालन यंत्री (सिंचाई) दीपेंद्र सिंह कुशवाह : “मैं तो नवरत्न आटा तलाश ही रहा था, बहुत बेहतरीन है।”
- रामाधार त्रिपाठी : “हर रविवार आता हूं, भारतीय किसान संघ की यह पहल काबिले-तारीफ है।”
- डॉ. जितेंद्र भदौरा : “साधारण सब्जी से जैविक सब्जी लाख गुना बेहतर है।”
इसे भी पढ़ें: लोन, फाइनेंस और शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी पूरी जानकारी
इस अवसर पर मौजूद रहे
जिला मंत्री राजेंद्र श्रीवास्तव, तहसील अध्यक्ष रामचंद्र श्रोत्रिय, विनोद खरे सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक। ‘स्वस्थ रहे टीकमगढ़’ मुहिम अब तेजी से रंग ला रही है और लोग रासायनिक उत्पादों को छोड़कर जैविक की ओर तेजी से मुड़ रहे हैं। भारतीय किसान संघ ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इस पुनीत कार्य में सहयोग करें और जैविक किसानों को प्रोत्साहित करें।

