Breaking
Mon. Jan 12th, 2026

रंगों और गुलाल की इंद्रधनुषी छटा के बीच बरेली में निकाली गई ऐतिहासिक राम बारात की भव्य शोभायात्रा

अतुल्य भारत चेतना | अमित चौधरी

बरेली। जिले में निकाली गई ऐतिहासिक राम बारात की भव्य शोभा यात्रा। लगभग 163 सालों से लगातार होली के पावन अवसर पे भव्य राम बारात की शोभा यात्रा पूरे शहर में निकाली जाती है। इस अवसर पर शहर भर में लोगों का जनसैलाब उमड़ा और लोगों ने एक दूसरे पे रंगों और फूलो की वर्षा की। प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। लोगों में भारी हर्ष उल्लास का माहौल देखने को मिला।

बरेली की ऐतिहासिक राम बरात रविवार को बरसते रंगों और गुलाल की इंद्रधनुषी छटा के बीच निकाली गई। इस दौरान मस्ती में चूर हुरियारों की टोली ढोल नगाड़ों की धुन पर नाचते गाते निकलीं। टोली जिस भी रास्ते से गुजरी उसने हर एक को अपने रंग में रंग डाला। इस दौरान कई स्थानों पर रंगों की मोर्चाबंदी का नजारा भी शानदार रहा। जगह-जगह राम बरात का स्वागत किया गया। राम बरात बमनपुरी में चल रही रामलीला के क्रम में निकाली गई। राम बारात का शुभारंभ रामलीला सभा के अध्यक्ष सर्वेश रस्तोगी, डॉ. विनोद पागरानी सहित समस्त पदाधिकारियों ने किया। राम बारात के आगे बढ़ते ही पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। राम बारात बिहारीपुर के रास्ते से आगे बढ़ते हुए कुतुबखाना पहुंची। इसमें राम दरबार के अलावा मोर्चे के लिए दो ट्रॉलियां शामिल रहीं। जिस पर हुरियारों की टोली रंग बरसाते चल रही थीं।

इसी दौरान चाहबाई से निकाली गई नृसिंह शोभा यात्रा भी राम बारात के साथ शामिल हो गई। फिर यह दोनों यात्राएं जिला अस्पताल मार्ग से नावल्टी पहुंची जहां मोर्चा खेलने के बाद, रोडवेज होते हुए कालीबाड़ी पहुंची, यहां कई जगह पर डट कर मोर्चाबंदी हुई। राम बारात श्यामगंज से होते हुए साहू गोपी नाथ से मठ की चौकी होकर शिवाजी मार्ग पहुंची। यहां पर भी मोर्चांबंदी का नजारा देखने को मिला। इसके बाद कुतुबखाना से साहूकारा पहुंचे, लेकिन मोर्चाबंद करते हुए किला से सिटी स्टेशन रोड होते हुए सिटी सब्जी मंडी के रास्ते मलूकपुर होकर पुन: नृसिंह मंदिर बमनपुरी पहुंचने पर विराम दिया गया। प्रवक्ता विशाल महरोत्रा ने बताया कि सोमवार को बमनपुरी से सुबह 11 बजे नृसिंह यात्रा निकाली जाएगी। राम बारात में अध्यक्ष सर्वेश रस्तोगी, महामंत्री अंशु सक्सेना, जनार्धन आचार्य, महेश पंडित, दिनेश दद्दा आदि ने व्यवस्था संभालीं।

राम बरात में शामिल हुई नृसिंह यात्रा कुतुबखाना से वापस कोहाड़ापीर के रास्ते से चाहबाई के लिए वापस हो गई। पूर्व में यात्रा शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सोम ने किया। इस शोभायात्रा में प्रमुख झांकी नृसिंह भगवान की रही। इसके साथ ही राम दरबार सहित राधा किशन, शिवाजी भगवान, बलराम आदि की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा चंदौसी से आई ढोल-ताशा पार्टी के साथ रंगों की चार गाड़ियां रास्ते भर रंग बरसाते चलती रहीं। इसमें यात्रा कमेटी के अध्यक्ष विजय शर्मा, सचिव नीरू भारद्वाज, अनुराग अग्रवाल, हनी शुक्ला, राहुल सिंह आदि शामिल रहे। शिवाजी मार्ग पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार व कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने प्रभु की आरती कर राम बरात का स्वागत व अभिनंदन किया। इसी तरह इसी मार्ग पर बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर कमेटी की ओर से संजीव अग्रवाल के साथ डीपी सिंह, अमित मनोहर सीए नीरज अग्रवाल आदि ने रामबारात का स्वागत किया।

वरिष्ठ व्यापारी नेता संजय अरोड़ा के नेतृत्व में बिहारीपुर सब्जी मंडी पर गुलाल और पुष्प वर्षा कर राम बरात का स्वागत किया गया। इसमें अमित अरोड़ा, गोपाल सिंह, जितेंद्र सोनू, तेजस, रुद्राक्ष आदि व्यापारी नेता शामिल रहे। इसके अलावा जिला अस्पताल के पास व्यापारियों ने राम बरात का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। रंग और गुलाल के साथ फूलों की भी बारिश कर उल्लास भर दिया।

Advertisement

Author Photo

News Desk

Responsive Ad Your Ad Alt Text
Responsive Ad Your Ad Alt Text

Related Post

Responsive Ad Your Ad Alt Text