अतुल्य भारत चेतना
उमेश शेंडे
बालाघाट। जिले में महिलाओं ने एक शराबी को जूतों की माला पहनाकर उसकी जमकर धुनाई की। इसका एक वीडियो शुक्रवार को वायरल हो रहा है। यह वीडियो उकवा चौकी क्षेत्र के पौंड़ी का बताया जा रहा है। लगभग एक मिनट से ज्यादा के इस वीडियो में कुछ महिलाएँ शराबी को रोक कर उससे जुर्माना माँग रही हैं। इस दौरान शराबी महिलाओं से बदतमीजी करने लगता है, जिसके बाद उसकी पिटाई कर जूतों की माला पहना देती हैं। घटना 16 अक्टूबर की बताई जा रही है। सरपंच रेखा कुमरे ने बताया कि गांव में कच्ची शराब धड़ल्ले से बिक रही है। इसे रोकने के लिए महिलाओं ने नशामुक्ति संगठन बनाया है। इसे 2 अक्टूबर को ग्रामसभा में पारित भी किया है। महिलाओं ने शराब बेचने वालों पर 10 हजार रुपए और शराब पीकर पकड़े जाने पर एक हजार रुपए जुर्माना रखा है। उकवा चौकी प्रभारी रविशंकर पटेल ने बताया कि वीडियो उनके पास नहीं आया है। यह पता चला है कि नशामुक्ति की महिलाओं ने गुरुवार रात एक महिला को शराब बेचते पकड़ा और उससे पांच हजार रुपए जुर्माना वसूला।
इसे भी पढ़ें (Read Also): भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने छिंदवाड़ा के चार मंडलों में ली संगठनात्मक बैठकें, कार्यकर्ताओं को दी मजबूती की सलाह

