अतुल्य भारत चेतना (रामजी वर्मा)
रात के समय महिला पत्रकार की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर घटना सामने आई है। महिला पत्रकार ममता गुप्ता की गाड़ी को अज्ञात हमलावरों ने लूटपाट के इरादे से निशाना बनाया। यह घटना रात करीब 11:45 बजे लाल पुल और कुंडऑली–नरसिंहपुर रोड के बीच घटित हुई।

इसे भी पढ़ें (Read Also): Bahraich news; बहराइच में RO/ARO परीक्षा 2025 शांतिपूर्वक संपन्न, 4375 अभ्यर्थी हुए शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने सड़क पर पत्थर रखकर वाहन को जबरन रुकवाने का प्रयास किया। जैसे ही गाड़ी धीमी हुई, हमलावरों ने पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में महिला पत्रकार ममता गुप्ता और उनके साथ मौजूद भाई की जान बाल-बाल बच गई। हमले के दौरान ममता गुप्ता की आंख में हल्की चोट आई है, हालांकि समय रहते वे सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में सफल रहीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में घटना को लूटपाट के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर रात के समय सुनसान मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, विशेषकर पत्रकारों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।

