छिंदवाड़ा: चौरागढ़ महादेव मंदिर के महंत श्री श्री 1008 गरीबदास जी महाराज का देवलोक गमन, कमलनाथ व नकुलनाथ ने जताया गहन शोक
अतुल्य भारत चेतना (आशुतोष सूर्यवंशी)
छिंदवाड़ा। सिद्ध चौरागढ़ महादेव मंदिर के महंत श्री श्री 1008 गरीबदास जी महाराज के देवलोक गमन की दुखद सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। महाराज जी के निधन को सर्व महंत समाज और समस्त भक्तों के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें (Read Also): श्री गणेश बडकेश्वर महादेव गौशाला भोपावर में विधिक साक्षरता अभियान के तहत हुआ वृहद पौधारोपण
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा, “महंत गरीबदास जी महाराज के देवलोक गमन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। सर्व महंत समाज व सर्वसमाज के लिए महाराज जी का देवलोक गमन अपूरणीय क्षति है। मुझे समय-समय पर महाराज जी की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उनका स्नेह व मार्गदर्शन हमेशा प्राप्त हुआ। उनका देवलोक गमन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।”
जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने भी गहन दुख व्यक्त करते हुए कहा, “सिद्ध व प्रसिद्ध चौरागढ़ महादेव मंदिर के महंत श्री श्री 1008 गरीबदास जी महाराज का देवलोक गमन अत्यंत दुखद है। समाज में धर्म की ध्वजा लहराने, शिष्यों पर स्नेह व आशीर्वाद बरसाते हुए देह त्यागने वाले महाराज जी ने समाज को भक्ति व धर्म का मार्ग दिखाया। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे उनका सानिध्य व शुभाशीष प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा समस्त भक्तों को यह दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करें।”
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने महाराज श्री के निधन पर गहन दुख व्यक्त करते हुए जिला कांग्रेस परिवार की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महाराज श्री का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
महाराज जी के भक्तों और अनुयायियों में शोक की गहन भावना व्याप्त है। उनके द्वारा समाज को दी गई भक्ति और धर्म की शिक्षा को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

