भावप्रवण रचनाओं से भीगे अहसास
अतुल्य भारत चेतना
प्रमोद कश्यप
रायगढ़। रायगढ़ के प्रसिद्ध बाबा धाम कोसमनारा में गायत्री परिवार द्वारा 22 मार्च को 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें रतनपुर , बिलासपुर एवं रायगढ़ के कवियों ने हिस्सा लिया। रतनपुर से कविता यात्रा के वरिष्ठ कवि राजेन्द्र वर्मा, ब्रजेश श्रीवास्तव, प्रमोद कश्यप, रामरतन भारद्वाज, रामानंद यादव बिलासपुर से दिनेश तिवारी, मदन सिंह ठाकुर, रायगढ़ के कवियों में अरविंद सोनी ‘सार्थक’, सुशीला साहू एवं गीता उपाध्याय ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति दी। जिसने बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं को रस विभोर कर दिया। छत्तीसगढ़ के जाने-माने रतनपुर के वरिष्ठ कवि जनक राम साहू ने छत्तीसगढ़ महतारी की महिमा गीत प्रस्तुत की जिसने श्रोता समाज को मंत्र मुग्ध कर दिया। कविता यात्रा के संयोजक राजेन्द्र वर्मा ने सुंदर गीतिका प्रस्तुत की जिसे उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा।






प्रमोद कश्यप ने सत्यनारायण बाबा की स्तुति दोहे के साथ जीवन है दुख की दरिया तो सुख की सरिता भी भाई रे , गीत की प्रस्तुति दी। ब्रजेश श्रीवास्तव की सत्यनारायण बाबा पर केंद्रित रचना जन गण मन के सुखदायक है सत्य ऋषि,.मनुष्यता के वाहक है सत्य ऋषि ने श्रोताओं की तालियां बटोरी। रामानंद यादव ने भी सुंदर भाव पूर्ण रचना प्रस्तुत किए। बिलासपुर के दिनेश तिवारी की रचना को भी श्रोताओं ने खूब सराहा। मदन सिंह ठाकुर ने भगवान श्री कृष्ण का भजन प्रस्तुत किया। रायगढ़ की सुप्रसिद्ध कवयित्री गीता उपाध्याय ने मनमोहक मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन कवयित्री सुशीला साहू ने की एवं गायत्री परिवार के वरिष्ठों ने आभार प्रदर्शन किया। अंत में कार्यक्रम के आयोजक गायत्री परिवार के द्वारा समस्त प्रतिभागी कवि एवं कवयित्रियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।