यात्रियों ने रावल में दर्शन कर रमणरेती में लगाई लोट
अतुल्य भारत चेतना
दिनेश सिंह तरकर
मथुरा। धर्म नगरी वृन्दावन धाम के गोविन्द घाट स्थित अखिल भारतीय श्रीपंच राधावल्लभीय निर्मोही अखाड़ा बड़ा रासमण्डल के श्रीमहंत लाड़िली शरण महाराज के पावन सानिध्य में चल रही अष्ट दिवसीय ब्रज चौरासी कोस दर्शन यात्रा का सोमवार के दिन यमुना पूजन एवं चुनरी मनोरथ के साथ शुभारंभ हो गया है। अष्ट दिवसीय ब्रज चौरासी कोस दर्शन यात्रा मंगलवार की सुबह राधा रानी के गांव रावल पहुंची। रावल गाँव के राधा रानी मंदिर में यात्रियों ने दर्शन किए एवं कीर्तन कर भक्तों ने नृत्य किया।
यात्रियों ने रावल में दर्शन करने के उपरांत रमणरेती में दर्शन किए, रमणरेती में रमण बिहारी लाल के दर्शन कर यात्रियों ने ब्रज रज में लोट लगाई, ब्रज रज में लोटपोट होकर यात्री बड़े आनंदित हुए। मंगलवार के दिन यात्रियों ने श्रीमहंत लाड़िली शरण महाराज के सानिध्य में रावल, रमणरेती, चौरासी खम्भा, ब्रह्माण्ड घाट, दाऊजी महाराज, भांडीरवन, वंशीवट, बेलवन, राधारानी मानसरोवर के दर्शन किए। ब्रज चौरासी कोस दर्शन यात्रा में महंत दम्पति शरण महाराज, महंत सुन्दर दास महाराज, महंत सच्चिदानंद महाराज, इन्द्र शर्मा, राधावल्लभ वशिष्ठ सहित देश-विदेश से आए सैकड़ों भक्तों ने ब्रज के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन किए।