अतुल्य भारत चेतना
रईस
बाबागंज,बहराइच। आज समाज में चारों ओर ईर्ष्या, द्वेष, असंतोष, छल ,कपट, असहिष्णुता का नग्न तांडव हो रहा है।साधन संपन्नता होते हुए भी साधना का अभाव है।परिवार में संस्कार, प्रेम,एक दूसरे के प्रति सम्मान ,आदर की भावना का लोप होता जा रहा है। ऐसे वातावरण को समूल नष्ट करने केलिए और समाज में व्यक्ति निर्माण परिवार निर्माण और राष्ट्र निर्माण के लिए शांतिकुंज हरिद्वार के दिशा निर्देशन में तथा गायत्री शक्तिपीठ नानपारा के संरक्षण में न्याय पंचायत जमदान विकासखंड नवाबगंज बहराइच के सिरसिया ग्राम में पाँच दिवसीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण के तारतम्य में आज कार्यक्रम का प्रथम दिवस था। प्रातःकाल से ही चारों दिशाओं के ग्रामों से पीले वस्त्र धारी महिलाएं बालिकाएं और गायत्री परिजन कार्यक्रम स्थल पर आते दिखाई पड़े। कथा स्थल पर पहुंचे सभी परिजनों को लाइन से बैठाया गया।सभी महिलाओं, कन्याओं को कलश दिया गया।कलश पूजन के बाद सभी बहनों पर पुष्प और जल का छिड़काव किया गया । तत्पश्चात सभी परिजनों ने लाइन बनाकर ग्राम सिरसिया से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली।कलशयात्रा में सभी महिलाएं पुरुष और बच्चे प्रज्ञा गीत और नारे लगाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा में सभी परिजनो को जलपान भी कराया गया। कलश यात्रा के बाद सभी परिजनो को प्रवचन पंडाल में आसान ग्रहण कराया गया। सभी परिजनों को भोजन प्रसाद कराने के बाद शाम को प्रज्ञा पुराण कथा सुनने के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर सियाराम जायसवाल, रामकुवंर पाटन दीन वर्मा, जगत राम वर्मा,सीताराम वर्मा, कौशल किशोर श्रीवास्तव सुखदेव विश्वकर्मा,प्रहलाद वर्मा और क्षेत्र के अधिकांश परिजन, सम्भ्रांत नागरिक उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।