

अतुल्य भारत चेतना
मेहरबान अली कैरानवी
अग्निशमन दल की आठ सदस्य टीम में यमुना ब्रिज पर तैनात था मृतक पुलिसकर्मी
कैराना। कांवड़ ड्यूटी में जनपद अमरोहा से कैराना यमुना ब्रिज पर अग्निशमन दल की आठ सदस्य टीम में तैनात सिपाही वीर सिंह (55)की अचानक तबियत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों द्वारा उसे उपचार हेतु सीएचसी कैराना पर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड दिया।
शुक्रवार की देर रात्रि हरियाणा यूपी सीमा पर स्थित यमुना ब्रिज कैराना पर कांवड़ ड्यूटी में तैनात सिपाही वीर सिंह (55)निवासी जनपद बिजनौर की अचानक तबियत बिगड़ गई। रात्रि के समय उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और हालत सामान्य होने पर वह सो गया। अलसुबह फिर अचानक उसकी तबियत बिगड़ी। तुरंत साथी पुलिसकर्मियों द्वारा उपचार हेतु उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सीओ कैराना अमरदीप मौर्य व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरवाकर उसे पीएम के लिए भेजा। उधर मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन में परिजन भी सीएचसी पहुँचे। बताया गया है कि मृतक सिपाही शुगर का मरीज था,जिसका स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से खराब चल रहा था। आज ही लगभग 12 बजे अग्निशम दल की टीम की अमरोहा के लिए रवानगी होनी थी।