लंबी दूरी तय कर प्लेटफार्म पर पहुंचते हैं यात्री
अतुल्य भारत चेतना
प्रतीक कुमार
डीडीयू नगर/चंदौली। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर नए साल के दूसरे दिन मंगलवार को यात्री सुविधाओं की दुश्वारियां नजर आईं। यहां पर बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिए लगा एक्सीलरेटर खराब पड़ा था। हां, यह जरूर है कि दो-चार कर्मचारी उसको ठीक करने में जूझ रहे थे। एक्सीलेटर को लेकर ऐसी दिक्कतें आए दिन डीडीयू स्टेशन पर बनी रहती है। यात्रियों को मजबूरन सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इसको लेकर थोड़ा सा भी गंभीर नहीं है। जबकि मंडल रेल प्रबंधक का कार्यालय स्टेशन से महज दो सौ मीटर की दूरी पर है। अधिकारियों का आना-जाना बराबर लगा रहता है।
बावजूद अधिकारी यात्री सुविधाओं को लेकर थोड़े से भी गंभीर नहीं है। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आठ प्लेटफार्म हैं। इन प्लेटफार्मों पर जाने के लिए यात्री प्रतीक्षालय से होकर सीढ़ी के रास्ते जाते हैं। सीढ़ियों पर चढ़ने में बुजुर्गों व दिव्यांगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं दूरी भी अधिक हो जा रही थी।यात्रियों की समस्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने पिछले हिस्से में स्वचालित सीढ़ी का निर्माण करवाया। इसके अलावा फुट ओवरब्रिज पर विभिन्न प्लेटफार्मों पर उतरने के लिए लिफ्ट बनवाई गई। विडंबना यह है कि यात्रियों की सुविधा के लिए सीढ़ी व लिफ्ट तो बनवा दी गई जो अक्सर खराब रहते हैं।

स्वचालित सीढ़ी निर्माण के बाद से ही खराब हालत में रहते हैं। जिससे कंपनी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्वचालित सीढ़ी के पास से ही पैदल चलने के लिए ब्रिज बनाया गया है। कई यात्रियों को स्वचालित सीढ़ी खराब होने की जानकारी नहीं होने से पहुंच जा रहे हैं।फिर सिर पर सामान लेकर ब्रिज से फुट ओवर ब्रिज पर पहुंचते हैं। फिर यहां से प्लेटफार्म पर जाते हैं। इस लंबी प्रक्रिया में कई यात्रियों की ट्रेन भी छूट जा रही है।
subscribe our YouTube channel
