शहडोल। शहडोल जिले के करकी स्थित सीता स्व सहायता समूह द्वारा संचालित धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां तौल पूरी हो चुकी बोरियों से महिलाओं द्वारा दोबारा धान की कटिंग की जा रही है, जिससे किसानों को निर्धारित मात्रा से कम भुगतान मिल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तौल के बाद भी बोरियों से धान निकालकर अलग किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर शासन के नियमों और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था का उल्लंघन है। बताया जा रहा है कि लगभग 10 महिलाओं को इस कार्य में लगाया गया है, जिन्हें समूह संचालक द्वारा नियुक्त किया गया है।
इसे भी पढ़ें (Read Also): Bahraich news; मिहींपुरवा में विद्युत संकट से नाराज़ व्यापारियों ने किया चक्का जाम, पुलिस के साथ हुई तीखी नोकझोंक
किसानों का आरोप है कि इस अवैध कटिंग के जरिए निर्धारित मात्रा से अधिक धान लिया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खरीदी केंद्र में मौजूद जिम्मेदारों की मिलीभगत से यह खेल खुलेआम चल रहा है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
मामले के सामने आने के बाद किसानों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और किसानों के साथ हो रही लूट को तत्काल रोका जाए।
यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो धान खरीदी व्यवस्था पर से किसानों का भरोसा उठ सकता है

