अतुल्य भारत चेतना
उमेश शेंडे
बालाघाट। विधायक अनुभा मुंजारे का 20 नवंबर को जन्मदिन है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को शाम 4.30 से 5 बजे के बीच उनके पति पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने विधायक के जन्मदिन का लगा फ्लैक्स निकालवा दिया। दरअसल, विधायक अनुभा मुंजारे के पति और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की एक पारिवारिक फोटो को जन्मदिन के फ्लेक्स में लगाई गई थी। विधायक पत्नी के जन्मदिन के फ्लैक्स में पति पूर्व सांसद ने स्वयं की फोटो लगाए जाने पर नाराजगी जाहिर की और पोस्टर को निकलवा दिया। पूर्व सांसद कंकर मुंजारे बोले- वह दोबारा ऐसी हरकत ना करें। पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने कहा कि यह फ्लैक्स मेरी बिना अनुमति और सहमति के लगाया गया। जो आपत्तिजनक है। विधायक अपने जन्मदिन पर मेरा अपमान कर रहीं हैं। उन्होंने विधायक पत्नी को गरिमा में रहने की हिदायत देते हुए कहा कि वह अपने फ्लेक्स में नेताओं की फोटो लगाए, हमारा फोटो क्यों लगाया? यह ओछी मानसिकता है। हम अलग-अलग पार्टी के हैं। आमंत्रण में भी मेरा नाम छपा था, जिसे मैंने मना कर दिया है। उनके किसी कार्यक्रम में मेरा नाम नहीं रहेगा।





हमारे उनके बीच कोई संबंध नहीं है। वह दोबारा ऐसी हरकत ना करें। मेरी राजनीति सिद्धांतों से चलती है। वह मेरे नाम का वोटों के लिए फायदा ले रहीं हैं। हम व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन में अलग-अलग है।विधायक बोलीं- उन्हें जो उचित लगा उन्होंने किया। इस मामले में विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि आदरणीय मुंजारे हमारे सम्मानीय नेता हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। उन्हें जो उचित लगा उन्होंने किया। इससे ज्यादा और मैं कुछ नहीं कहना चाहती।लोकसभा चुनाव से पति-पत्नी में अनबन जिले में पूर्व सांसद कंकर मुंजारे और कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे की पारिवारिक रिश्तों में दरार लोकसभा चुनाव से देखने को मिल रही है। जब विधायक पत्नी के कांग्रेस प्रत्याशी का उनके खिलाफ प्रचार करने पर पूर्व सांसद घर छोड़कर भरवेली के ट्वेझरी स्थित अपने फार्म हाउस में रहने चले गए थे और पूरा लोकसभा चुनाव उन्होंने यहीं से लड़ा था। फिलहाल वे क्रांतिकारी जनता पार्टी के प्रमुख हैं। ये पार्टी इन्होंने खुद बनाई थी।