अतुल्य भारत चेतना
उमेश शेंडे
बालाघाट। मैं हूँ अभिमन्यु अभियान की जिले में शुरुआत हो गई है। अभियान के अंतर्गत मैराथन, नुक्कड़ नाटक, शपथ, क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से स्कूल, विश्वविद्यालयों, शासकीय और अशासकीय कार्य स्थल और सार्वजनिक स्थानों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर युवाओं व पुरुषों को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत पुरुषों को सभ्य समाज निर्माण में सहभागी बनाना
जिले में मैं हूं अभिमन्यु अभियान के तहत समाज को जागरूक करने के लिए जिले में पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में इसकी शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालक, बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर नियंत्रण, लडके-लडकियों को समान अवसर, समाज के हर स्तर पर व्याप्त लिंग भेद को समाप्त करना, आज के पुरुष को सभ्य समाज के निर्माण के लिए रुढ़िवादी धारणाओं, पूर्वाग्रहों के चक्रव्यूह को तोड़ते हुए महिलाओं के विकास और सह-अस्तित्व का सहभागी बनाना है।पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र सिंह ने बताया कि अभिमन्यु के साहस और कर्तव्य की भावना प्रेरणादायक है, चक्रव्यूह तोड़ना सिर्फ एक युद्ध रणनीति नहीं, बल्कि जीवन के जटिल हालातों का सामना करने का प्रतीक भी है इसलिए मैं हू अभिमन्यु इस चक्रव्यूह को तोडूंगा स्लोगन के साथ महिला अपराधों के प्रति जागरूकता लाने, अपराध के प्रति आवाज उठाने और अधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है। हमारा लक्ष्य युवाओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे लैंगिक भेदभाव के खिलाफ खड़े हों और समाज में एक सुरक्षित और समान वातावरण बनाने में सहयोग करें।

मध्यप्रदेश पुलिस की महिला सुरक्षा अभियान
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक विशेष पहल की है। जिसमें पुरुषों से सहयोग की अपील की गई है। इस अभियान का उद्देश्य पुरुषों को जागरूक करना है कि वे महिलाओं की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करें। अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।जिले में पुलिस बस स्टैंड, स्कूल, कॉलेज व अन्य सार्वजनिक स्थानों में छात्रों, युवाओं और पुरुषों को इस अभियान के विषय में जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान जारी किए गए स्टिकर, पोस्टर्स वितरित और सार्वजनिक स्थान पर चिपकाए गए व सभी को आसपास घटित होने वाले अपराधों के बारे में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया है।
बालाघाट पुलिस सभी युवाओं से अपील करती है कि वे महिलाओं की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं। चाहे वह सड़क पर महिला को सुरक्षित महसूस कराना हो या किसी असामाजिक गतिविधि के खिलाफ आवाज उठाना, हर कदम महत्वपूर्ण है।