
अतुल्य भारत चेतना
दिनेश सिंह तरकर
दो दिवसीय समारोह की कार्य योजना तय करने आ रहे हैं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश। ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन के साथ मंदिरों के प्रबंधकों के साथ करेंगे बैठक मथुरा। योगीराज भगवान श्रीकृष्ण का 5251 वां जन्मोत्सव समारोह इस बार ब्रज में खास होगा। मठ, मंदिर और आश्रमों के साथ सामाजिक भागेदारी इस उत्सव को और भव्यता प्रदान करेगी। योगी सरकार के दिशा निर्देश पर इस आयोजन की कार्य योजना तय करने के लिए राज्य के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह गुरुवार को मथुरा आ रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी इस बार 26 अगस्त को मनाई जाएगी। यह योगीराज भगवान श्रीकृष्ण का 5251वां जन्मोत्सव होगा। इस खास दिन को और खास बनाने का प्रस्ताव पिछले दिनों वृंदावन में आयोजित संतों की बैठक में रखा गया था। संतों के इस सुझाव पर राज्य सरकार ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन को दी है। इसमें संतों के सुझाव के अनुरूप दो दिवसीय समारोह दौरान विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम करने को कहा गया है। हालांकि प्रत्येक वर्ष उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद इस मौके पर सम्पूर्ण ब्रज में उत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराता है। ब्रज के तीर्थ स्थलों को सजाया संवारा जाता है। इस बार योगीराज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव समारोह को और भव्यता पूर्ण मनाने की कार्य योजना तैयार करने के लिए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मथुरा आ रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय के सभागार में बैठक करेंगे। इस बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र सहित डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों के प्रमुख सहित मंदिर के प्रबंधक तथा सेवायतों के साथ दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन पर चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सी ई ओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि इस बार श्रीकृष्ण का 5251वां जन्मोत्सव है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इस बार योगीराज भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्यतापूर्वक मनाया जाना है, इसमें विशेष कार्यक्रम होंगे।