अतुल्य भारत चेतना (अखलाख लालमिया देशमुख)
छत्रपती संभाजीनगर (औरंगाबाद)। महानगरपालिका सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 के मद्देनज़र आदर्श आचारसंहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा शहर में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्थिर सर्वेक्षण पथक को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

इसे भी पढ़ें (Read Also): जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू
दिनांक 7 जनवरी 2026 को महानगरपालिका पथक क्रमांक 10 ने ज्योति मंदिर, मिटमिटा परिसर में सुबह 8 बजे से दोपहर 4 बजे तक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दोपहर करीब 4 बजे फॉक्सवैगन जेट्टा कार (क्रमांक MH-20 EY 5898) को जांच के लिए रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में ₹500 के कुल 450 नोट, यानी ₹2,25,000 नकद पाए गए। वाहन चालक रामसिंग सुलाने, निवासी जालान नगर, नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके।
चुनाव अवधि में बिना वैध दस्तावेज इतनी बड़ी मात्रा में नकद राशि रखना आदर्श आचारसंहिता का उल्लंघन माना जाता है। इसी कारण उक्त पूरी राशि जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु माननीय चुनाव निर्णय अधिकारी, छत्रपती संभाजीनगर महानगरपालिका को सौंप दी गई है।
यह कार्रवाई पथक प्रमुख नागेश डित्ती के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक पथक प्रमुख नागनाथ कांबळे, पुलिस कर्मचारी सिद्धार्थ टाक, योगेश पाटील, सविता सोनवणे, आचारसंहिता कक्ष प्रमुख जावेद काज़ी, रोहित मिसळ और प्रभाकर गोदे शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने समय पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अवैध नकदी, प्रलोभन और आचारसंहिता उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले दिनों में जांच अभियान और अधिक तीव्र किए जाएंगे।

