रुपईडीहा (बहराइच)। उत्तर प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित बहराइच जिले के सीमावर्ती कस्बा रुपईडीहा में कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए नगर पंचायत चेयरमैन के नेतृत्व में निर्धन महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नगर पंचायत का दायित्व है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण पीड़ित न हो। इसी उद्देश्य से जरूरतमंद महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई है, ताकि राहगीरों और मजदूर वर्ग को ठंड से राहत मिल सके। वहीं, बेघर एवं यात्रियों के लिए रैन बसेरा की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जहां ठंड से बचाव के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड में यह कदम गरीबों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। नगर पंचायत प्रशासन ने ठंड के प्रकोप को देखते हुए आगे भी राहत कार्य जारी रखने की बात कही है।
इसे भी पढ़ें (Read Also): Vidisha news; विदिशा में रेड क्रॉस सोसाइटी की वार्षिक आम सभा: समाजसेवी अशोक वासुदेव सम्मानित

