जयपुर। राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजस्थान पुलिस मुख्यालय में स्वच्छ कार्यालय अभियान का आयोजन किया गया। यह विशेष स्वच्छता कार्यक्रम सुबह 10 बजे से 11 बजे तक चला, जिसमें पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ झाड़ू थामकर सफाई करते नजर आए। डीजीपी ने कार्यालय परिसरों, गलियारों, रिकॉर्ड रूम और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसे भी पढ़ें (Read Also): लम्बी लड़ाई का सु:खद अंत हाई कोर्ट से मिला न्याय एडवो प्रदीप नारायण पाण्डेय
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे हमारी कार्य संस्कृति और दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय न केवल सकारात्मक कार्य वातावरण बनाता है, बल्कि कार्यक्षमता और अनुशासन को भी बढ़ाता है।
स्वच्छ कार्यालय अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे को हटाया गया, फाइलों और रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया गया तथा कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
यह अभियान राज्य सरकार की स्वच्छता, सुशासन और जन-जागरूकता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और पुलिस विभाग द्वारा समाज में सकारात्मक संदेश देने की एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

