अतुल्य भारत चेतना
अखिल सुर्यवंशी
विदिशा। नगर शक्तिपीठ श्री बड़ी माता मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र महोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष सोनी ने बताया कि मंदिर के नवनिर्माण कार्य प्रगतिशील गति से जारी हैं, फिर भी इस वर्ष नवरात्र उत्सव को भव्यता और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न किया जाएगा।

21 सितंबर से आरंभ होगा कार्यक्रम
आज 21 सितंबर को मातारानी के भव्य आगमन के साथ नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ होगा। मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति होगी।
501 दिव्य ज्योति कलश स्थापना
नवरात्रि के प्रथम दिवस पर माता रानी के 501 दिव्य ज्योति कलश विधिविधानपूर्वक प्रज्वलित कर स्थापित किए जाएंगे। इसी के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठान और नवरात्र के विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।

नवरात्रि के प्रमुख कार्यक्रम
- प्रतिदिन प्रातः एवं संध्या 8 बजे मातारानी की आरती होगी।
- विद्यार्थी रामायण मंडल द्वारा प्रतिदिन भजन प्रस्तुति दी जाएगी।
- विशेष तिथियाँ :
- पंचमी महाआरती – 27 सितंबर
- अष्टमी हवन पूजन – 30 सितंबर
- नवमी कन्या भोज एवं ज्वारे विसर्जन – 1 अक्टूबर
- एकादशी जल विहार शोभायात्रा एवं प्रतिमा विसर्जन – विजयदशमी पश्चात
सिंहवाहिनी रणक्षेत्र स्वरूप में भव्य प्रतिमा
मंदिर ट्रस्ट सदस्य श्री हैरी सोनी ने जानकारी दी कि इस वर्ष माता रानी की 10 फीट ऊँची सिंहवाहिनी रणक्षेत्र स्वरूप प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। माता रानी अपने प्रिय सिंह के साथ वीर मुद्रा में विराजमान रहेंगी। भक्तों के लिए 360° दर्शन हेतु विशेष रूप से निर्मित भव्य नवनिर्माण मंडप तैयार किया गया है।
महिला मंडल का सामूहिक सुहागले पूजन
नवरात्र की चतुर्थी तिथि 25 सितंबर को श्री बड़ी माता महिला मंडल द्वारा सामूहिक सुहागले पूजन का आयोजन श्री मानस भवन हाल में होगा। इसमें 500 से अधिक महिलाएं एक साथ मातारानी का पूजन करेंगी। सभी मातृशक्तियों को इस पूजन में ससम्मान आमंत्रित किया गया है।

भक्तों में उत्साह का माहौल
नगर में नवरात्र उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर प्रांगण में आकर्षक विद्युत सज्जा, भजन-कीर्तन और विशेष धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

