Breaking
Sat. Jan 17th, 2026

काशीपुर में 12 दिवसीय शहीद स्मृति राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, बरेली ने पहले मैच में दर्ज की जीत

काशीपुर – कुंडेश्वरी फुटबॉल क्लब की ओर से आयोजित 12 दिवसीय शहीद स्मृति राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। किसान इंटर कॉलेज खेल मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि मेयर दीपक बाली ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया।

टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए उद्घाटन मुकाबले में झुमका बरेली सिटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए काशीपुर स्टेडियम टीम को 4-2 से शिकस्त दी। मैच के दौरान बरेली की ओर से अरुण अधिकारी, हर्षित साही, कार्तिक चौहान और अनमोल ने शानदार गोल दागे, जबकि काशीपुर स्टेडियम की ओर से हरेंद्र और दिग्विजय ने गोल किए।

उद्घाटन अवसर पर टूर्नामेंट समिति अध्यक्ष राकेश मोहन लखेड़ा, उपाध्यक्ष महक सिंह, गजेंद्र सिंह, हिमांशु नौगाईं, यश चौधरी, अनुराग कुमार, भूपेंद्र सिंह, वीरेंद्र बिष्ट, मनोज रावत, भगत प्रधान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

समिति संरक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यह टूर्नामेंट 14 जनवरी तक चलेगा, जिसमें नेपाल, देहरादून, दिल्ली (ग्राफिक एरा), मुरादाबाद, नैनीताल, कालागढ़, नोएडा, दिनेशपुर, रामनगर, गढ़वाल राइफल आर्मी, अल्मोड़ा सहित कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में नेपाल की अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ-साथ ग्राफिक एरा दिल्ली में अध्ययनरत नाइजीरिया के छात्रों की टीम भी हिस्सा ले रही है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और रोमांच बढ़ गया है।

टूर्नामेंट के विजेता को 41 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

संरक्षकों ने बताया कि कुंडेश्वरी क्षेत्र का सेना से गहरा नाता रहा है। इसी क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ी अमित नेगी कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे, वहीं पदम राम कडियाल भी कारगिल युद्ध में शहीद हुए। अब तक कुंडेश्वरी क्षेत्र से तीन वीर जवान शहीद हो चुके हैं। इन्हीं शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता को शहीद स्मृति राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का नाम दिया गया है।

बताया गया कि इस टूर्नामेंट की शुरुआत करीब 15 वर्ष पूर्व की गई थी और तब से यह प्रतियोगिता लगातार खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है।

Author Photo

उपेन्द्र सिंह

Responsive Ad Your Ad Alt Text
Responsive Ad Your Ad Alt Text

Related Post

Responsive Ad Your Ad Alt Text