सुल्तानपुर पट्टी – काशीपुर से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में काशीपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, यूपी क्षेत्र के ग्राम मिलक नौ खरीद निवासी केशव चंद्रा (22) पुत्र करण सिंह, अपने दोस्त प्रदीप कुमार (21) निवासी मोहल्ला टांडा बंजारा के साथ सोमवार देर शाम बाइक से काशीपुर लाइट का सामान लेने गया था। काम निपटाने के बाद दोनों युवक बाइक से वापस लौट रहे थे।
इसे भी पढ़ें (Read Also): विकास को सुपरफास्ट गति देते उतने डिप्टी कलेक्टर
इसी दौरान ग्राम परमानंदपुर के पास सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने केशव चंद्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर आईटीआई पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में सीओ दीपक सिंह ने बताया कि “ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

