अतुल्य भारत चेतना (हर्षा बनोदे)
खेड़ीकोर्ट (करौली)। ग्राम खेड़ीकोर्ट में विगत दिनों से चल रही श्रीमद् भागवत कथा के साथ नववर्ष के अवसर पर जन सेवा हिताय संगठन की स्थापना दिवस वर्षगांठ को विशेष रूप से मनाया गया। इस अवसर पर भाव देवी जागरण एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम के सैकड़ों भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक पूज्य श्री श्री राकेशानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में चल रही भागवत कथा के बीच यह आयोजन संपन्न हुआ। साथ ही पूज्य देवी सौम्या जी की मधुर कथा से भी भक्तगण लाभान्वित हो रहे हैं। रात्रि 8 बजे से प्रारंभ हुई भजन संध्या में जन सेवा हिताय संगठन की प्रमुख श्रीमती हर्षो बानोदे जी एवं उनकी पूरी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।

आयोजन में प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देवी भजनों की ख्याति प्राप्त गायिका दुर्गा पटेल ने मां दुर्गा के मनमोहक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर भक्तों ने नृत्य करते हुए हाजिरी लगाई। तनवीर सिंह ने भोलेनाथ के मंत्रमुग्ध कर देने वाले भजन गाए, जिससे पूरा पंडाल झूम उठा और भक्त खड़े होकर नाचने लगे। मुकुल बैरागी ने खाटू श्याम बाबा के भजनों से भक्तों को ऐसा अहसास कराया मानो सभी खाटू धाम पहुंच गए हों। धनराज बेले ने ढोलक की थाप पर हाथी-घोड़ा पालकी की प्रस्तुति दी, जिससे पंडाल हर्षोल्लास से गूंज उठा।
वामन राव करौले एवं समस्त करौली परिवार ने आयोजन में सक्रिय योगदान दिया और भक्तों की हाजिरी लगवाई। पूज्य देवी सौम्या जी ने भी सुंदर भजन प्रस्तुत किए तथा अपनी कथा में जन सेवा हिताय संगठन की समाज सेवा एवं धार्मिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगठन निशुल्क वस्त्र वितरण, स्वास्थ्य शिविर, भागवत कथा, यज्ञ अनुष्ठान जैसे अनेक पुण्य कार्य निरंतर करता रहता है।
आयोजन के अंत में सभी कलाकारों ने पूज्य गुरुदेव श्री श्री राकेशानंद जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन एवं सानिध्य से यह भव्य कार्यक्रम संभव हो सका। ग्रामवासियों ने भी महाराज श्री का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि कलयुग में मानव के भटकाव से बचाव एवं धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए ऐसे धार्मिक आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
आरती एवं प्रसाद वितरण के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ। जन सेवा हिताय संगठन की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे माह विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे, जिससे जनकल्याण एवं समाज सेवा का संकल्प और सशक्त हो सके।
यह आयोजन संगठन की धर्म एवं सेवा के प्रति अटूट निष्ठा का जीवंत प्रमाण रहा, जिसमें ग्राम खेड़ीकोर्ट के सभी निवासियों ने एकजुट होकर भाग लिया।

