रुपईडीहा (बहराइच)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा कार्यालय पर वीर बाल दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के वीर साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को नमन करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष भीम सेन मिश्रा ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत चेयरमैन डॉ उमाशंकर वैश्य रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ उमाशंकर वैश्य ने कहा कि वीर साहिबजादों का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र की धरोहर है। उनके त्याग और दृढ़ संकल्प से हमें राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और कर्तव्यबोध की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने साहिबजादों के जीवन संघर्ष, उनके अद्वितीय साहस और अमर बलिदान पर प्रकाश डाला। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इसे भी पढ़ें (Read Also): राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों को किया जा रहा शैक्षणिक भ्रमण

