अतुल्य भारत चेतना
संवाददाता: सूरज वर्मा
इसे भी पढ़ें (Read Also): काशीपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ नगर कीर्तन का स्वागत, मेयर दीपक बाली ने दी गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं
खमरियाऐरा, लखीमपुर खीरी
प्रशासन व ग्राम प्रधान की उदासीनता पर उठे सवाल
लखीमपुर खीरी के खमरिया ऐरा कस्बे में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बावजूद अब तक प्रशासन (राजस्व विभाग) एवं ग्राम प्रधान द्वारा एक भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे आम जनता, बाहर से आने वाले राहगीर और किसान ठिठुरने को मजबूर हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति जुआरी शुगर मिल क्षेत्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा खमरिया कस्बे के मुख्य चौराहे की है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। ठंड से बचाव के लिए कोई सरकारी इंतजाम न होने के कारण कस्बे के दुकानदार अपनी दुकानों के गत्ते, पल्लियां व प्लास्टिक जलाने को मजबूर हैं, जो न केवल पर्यावरण के लिए घातक है बल्कि आग लगने का भी खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन द्वारा हर वर्ष शीतलहर के दौरान अलाव जलाने के स्पष्ट निर्देश दिए जाते हैं, इसके बावजूद जमीनी स्तर पर जिम्मेदारों की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। गरीब, मजदूर, किसान और राहगीर सबसे अधिक प्रभावित हैं।
कस्बावासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है और आग्रह किया है कि प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शीघ्र अलाव की व्यवस्था कराई जाए, ताकि ठंड से राहत मिल सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अब देखना यह है कि प्रशासन कब जागता है और ठंड से जूझ रही जनता को राहत कब मिलती है।

