काशीपुर – मुरादाबाद रोड पर सूर्या पुलिस चौकी से पहले रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनिकेत सिंह (23) पुत्र बलवीर सिंह के रूप में हुई है। वह ग्राम रामूवाला, तहसील ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद (यूपी) का निवासी था। जानकारी के अनुसार, अनिकेत रविवार को अपने मामा के घर काशीपुर के ग्राम लालपुर बक्सौरा आया हुआ था और देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान मुरादाबाद रोड पर स्पीड ब्रेकर के पास उसकी बाइक असंतुलित हो गई और सामने जा रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
इसे भी पढ़ें (Read Also): U.P. News; ओवर ब्रिज पर मजदूरों की जान खतरे में
हादसे की सूचना मिलते ही सूर्या पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे गंभीर हालत में मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के चाचा नरेश सिंह ने बताया कि अनिकेत के पिता बलवीर सिंह ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत हैं। अनिकेत शादी-पार्टियों में वीडियोग्राफी का काम करता था और गांव में खेतीबाड़ी में भी हाथ बंटाता था। इसके साथ ही वह कंप्यूटर कोर्स भी कर रहा था। उन्होंने बताया कि एक माह पूर्व अनिकेत के बड़े भाई सचिन की शादी हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
अनिकेत अपने पीछे माता संतोष देवी, पिता बलवीर सिंह, बड़े भाई सचिन, बहनें किरन और कंचन को रोता-बिलखता छोड़ गया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

