शहडोल।
शहडोल जिले में शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे प्राथमिक शिक्षक राम खेलमन चौधरी को शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसे भी पढ़ें (Read Also): कोहरे के कारण डा नार्थईस्ट महानंदा एक्सप्रेस निरस्त होने से बढी परेशानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विद्यालयीन समय के दौरान नशे की हालत में पहुंचा था और वहां अभद्र, अशोभनीय व अमर्यादित व्यवहार किया। शिक्षक के इस कृत्य से न केवल विद्यार्थियों और स्टाफ में भय व आक्रोश व्याप्त हुआ, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले की शिकायत और जांच के बाद यह तथ्य सामने आया कि शिक्षक का आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का स्पष्ट उल्लंघन है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने बिना देरी किए सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।
इस कार्रवाई से जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में नशाखोरी, अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

