खटीमा – क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे नशे के अवैध कारोबार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
खटीमा कोतवाली में सीओ को संबोधित ज्ञापन कोतवाल विजेंद्र शाह को सौंपते हुए विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि क्षेत्र में फैलता नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नशे की लत में फंसे युवा अपराध की राह पर जा रहे हैं, जिससे सामाजिक ताना-बाना कमजोर हो रहा है।
इसे भी पढ़ें (Read Also): Vidisha news; विदिशा में एसडीएम ने की सभी विभागों की समीक्षा बैठक, नरवाई जलाने पर रोक और जल गंगा संवर्धन पर जोर
विधायक कापड़ी ने कहा कि नशे के धंधे में बढ़ोतरी के चलते क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है और क्षेत्र की छवि खराब हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी और लगातार कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

