अतुल्य भारत चेतना संवाददाता खुमेश यादव
इसे भी पढ़ें (Read Also): स्व. शबाबू लाल यादव जी की द्वितीय पुण्य तिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि
11 दिसंबर को गारपा में होगा समाधान शिविर
नारायणपुर, 08 दिसम्बर 2025// जनपद पंचायत ओरछा के नियद नेल्लानार क्षेत्र के चयनित ग्रामों में शासन की विभिन्न योजनाओं से वंचित ग्रामीणों को लाभान्वित करने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 11 से 24 दिसंबर 2025 तक निर्धारित तिथियों पर आयोजित होंगे।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ओरछा द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन शिविरों में स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, कृषि, श्रम, खाद्य, विपणन सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। शिविरों में योग्य ग्रामीणों को नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, पीएम-किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ तथा अन्य योजनाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण स्थल पर ही किया जाएगा।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत भवन गारपा में 11 दिसम्बर दिन गुरूवार को, ग्राम पंचायत भवन कच्चापाल में 15 दिसम्बर दिन सोमवार को, बालक आश्रम मोहन्दी में 19 दिसम्बर दिन शुक्रवार को तथा ग्राम पंचायत भवन कस्तुरमेटा में 24 दिसम्बर दिन बुधवार को समाधान शिविर का अयोजन किया जाएगा। अधिकारी-कर्मचारियों को अपने मैदानी अमले सहित शिविरों में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

