काशीपुर – नगर क्षेत्र में विभिन्न मार्गों पर अवैध रूप से चल रहे टेंपो शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। रेलवे स्टेशन रोड पर आरओबी के पास एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर टेंपो चालकों द्वारा सड़क किनारे से ही सवारियां बैठाने-उतारने से दिनभर जाम की स्थिति बनती रहती है।
काशीपुर से जसपुर, बाजपुर, प्रतापपुर और मुरादाबाद रोड के लिए टेंपो सड़क किनारे खड़े होकर सवारियां भरते हैं, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। कई बार टेंपो चालकों में सवारियों को लेकर झगड़े और मारपीट की घटनाएं तक सामने आ चुकी हैं।
इसे भी पढ़ें (Read Also): जलाशयों, सरोवारों एवं तालाबों को भरवाने के दिये गये निर्देश
स्टेशन रोड के दुकानदार संजय अरोरा, बाजपुर रोड के आशीष और रामनगर रोड के पवन कुमार ने बताया कि टेंपो चालक दुकानों के सामने ही गाड़ियां खड़ी कर घंटों सवारियों का इंतजार करते हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए कहने पर टकराव की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यापारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
पुलिस सख्त कार्रवाई को तैयार
एएसपी/सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने बताया कि सड़क किनारे अवैध रूप से टेंपो संचालन करने वालों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। यातायात में बाधा पैदा करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जा सके।
शहरवासियों ने भी प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

